पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में एक छात्रा से पुराने परिचय और बातचीत को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गर्लफ्रेंड से बातचीत करने के शक में एक युवक को मिलने के बहाने बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद एक छात्रा से जुड़े पुराने संबंधों और बातचीत को लेकर हुआ था। पीड़ित युवक का छात्रा से करीब एक वर्ष पहले परिचय था, लेकिन बाद में दोनों के बीच संपर्क समाप्त हो गया था। इसके बावजूद आरोपी पक्ष को युवक के छात्रा से बातचीत करने का संदेह था, जिसके चलते पूरी घटना को अंजाम दिया गया।
मिलने के बहाने बुलाया, फिर शुरू हुई मारपीट
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि 5 जून को उसके पास पंकज विश्वकर्मा (21) का फोन आया। पंकज ने खुद को छात्रा का वर्तमान बॉयफ्रेंड बताते हुए मिलने के लिए कहा। युवक ने मिलने से इनकार कर दिया, लेकिन अगले दिन दोबारा फोन कर उस पर दबाव बनाया गया।इसके बाद 6 जून की रात करीब 9:30 बजे युवक अपने चचेरे भाई के साथ नेहरू नगर स्थित अमनिक कैफे पहुंचा। वहां पहले से मौजूद आरोपी और उसके साथियों ने बातचीत शुरू की। चर्चा के दौरान छात्रा से पुराने परिचय को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला कहासुनी से मारपीट तक पहुंच गया।
पाइप से हमला, जान से मारने की धमकी का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए युवक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि प्लास्टिक पाइप से भी हमला किया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ युवकों ने धारदार हथियार दिखाकर उसे डराने और धमकाने की कोशिश की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान मौजूद लोगों में से किसी ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की पहचान शुरू की गई।
वीडियो बना अहम सबूत
मामले की जांच में वायरल वीडियो महत्वपूर्ण सबूत साबित हुआ। पुलिस ने वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के बाद मुख्य आरोपी पंकज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि घटना में शामिल पांच नाबालिगों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मारपीट में इस्तेमाल प्लास्टिक पाइप समेत अन्य सामान भी जब्त कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने क्या कहा?
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि एक छात्रा से बातचीत और पुराने परिचय को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोपियों ने पीड़ित युवक को मिलने के लिए बुलाया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर पीड़ित की पहचान कर शिकायत दर्ज की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

User 1











