पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के पलारी ब्लॉक के ग्राम तमोरी में मंगलवार को स्कूल भवन की खराब हालत को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए अधिकारियों की टीम को करीब दो घंटे तक स्कूल भवन के अंदर रोक लिया। दरअसल, अधिकारी स्कूल भवन की स्थिति की जांच (स्पॉट इंस्पेक्शन रिपोर्ट) करने गांव पहुंचे थे। लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें जर्जर स्कूल भवन के अंदर ही रोककर बाहर से ताला लगा दिया। इस दौरान गांव में तनाव का माहौल बन गया।
इस दल में जनपद पंचायत अधिकारी एम.के. कुजुर, सहायक अभियंता गुलशन कुमार गायकवाड़, दो शिक्षक और एक रोजगार सहायक सहित कुल छह लोग शामिल थे। ग्रामीणों का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रवि बंजारे कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन की समस्या को लेकर वे कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।
रवि बंजारे ने कहा, “हम महीनों से कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई खतरे में है। जब हमारी बात नहीं सुनी गई, तो मजबूरी में हमें यह कदम उठाना पड़ा ताकि अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लें।”
गांव की प्राथमिक शाला में कक्षा पहली से पांचवीं तक के 27 बच्चे और आंगनबाड़ी के छोटे बच्चे एक ही कमरे में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। जर्जर भवन के कारण बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।
मामले की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने फोन पर ग्रामीणों और रवि बंजारे से बात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए स्कूल भवन के लिए पहले ही शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
डॉ. गुहे ने कहा, “ग्राम तमोरी के नए स्कूल भवन का प्रस्ताव 29 सितंबर को शासन को भेज दिया गया था। यह प्रस्ताव नए वित्तीय वर्ष यानी अप्रैल 2024 के बजट में शामिल है। हमें उम्मीद है कि अप्रैल के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा हमारी प्राथमिकता है।” अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर छोड़ा और स्थिति सामान्य हुई।

User 1











