पब्लिक स्वर,बस्तर। बस्तर के भानपुरी क्षेत्र में ठेला नुमा दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए एक के बाद एक तीन दुकानों के ताले तोड़े और करीब 20 मिनट तक बेखौफ होकर सामान खंगालता रहा। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात की है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी करीब रात 1:52 बजे ठेला नुमा दुकानों के पास पहुंचा। उसने दुकानों के ताले तोड़कर अंदर रखे सामान की तलाश शुरू कर दी। फुटेज में आरोपी काफी इत्मीनान से दुकानों में रखी वस्तुओं को खंगालता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 20 मिनट तक मौके पर मौजूद रहकर दुकानों की तलाशी ली। इसके बाद रात 2:12 बजे वह अपने सिर पर 25 लीटर पेट्रोल से भरा जर्किन, सिगरेट के पैकेट और ड्राई फ्रूट्स लेकर वहां से फरार हो गया। फुटेज देखने वाले लोग भी आरोपी के बेखौफ अंदाज को देखकर हैरान हैं। उसकी गतिविधियों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो वह चोरी नहीं, बल्कि खरीदारी करने आया हो। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन दुकानों के ताले तोड़े गए थे, लेकिन चोरी की घटना फिलहाल एक ही दुकान में होना सामने आई है। अन्य दुकानों में नुकसान की स्थिति की भी जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश जारी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

User 1











