पब्लिक स्वर,महासमुंद। महासमुंद जिले के पिथौरा वन परिक्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने एक मादा नीलगाय को कुल्हाड़ी से मार डाला। घटना सुखीपाली गांव के शांतिनगर की है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7 बजे ईश्वर कुमार और टंकधर रात्रे तेंदूपत्ता तोड़ने भालुडोंगरी की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कुत्तों ने एक मादा नीलगाय को दौड़ा-दौड़ाकर थका दिया है। मौके का फायदा उठाते हुए दोनों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नीलगाय को मारने के बाद आरोपी उसे पास के खेत में ले गए और मांस पकाने की तैयारी करने लगे। इसी बीच कुछ अन्य ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और इस काम में शामिल हो गए। हालांकि किसी ने इसकी सूचना वन विभाग को दे दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी सुखराम निराला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जोहित झरेखा को पकड़ लिया। पूछताछ के आधार पर एक अन्य आरोपी सुरेंद्र झरेखा को भी गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में मुख्य आरोपी ईश्वर कुमार, टंकधर रात्रे, सचिन प्रधान और विद्याधर प्रधान मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है। वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वन विभाग के अनुसार मारी गई नीलगाय मादा थी और उसकी उम्र करीब 4 साल थी। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के संबंध में चश्मदीद महिलाओं के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
इसी क्षेत्र से एक और मामला सामने आया, जहां गिरना गांव के जंगल में एक हिरण पेड़ से टकराकर घायल हो गया था। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका इलाज किया और हालत में सुधार होने पर उसे वापस जंगल में छोड़ दिया।

User 1











