पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम लवन स्थित तहसील कार्यालय और स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने तहसीलदार के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सबसे पहले तहसील कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पाया कि राजस्व निरीक्षक (आरआई) की रिपोर्ट मिलने के करीब ढाई महीने बाद भी संबंधित ऑर्डरशीट पूरी नहीं की गई है। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए तहसीलदार पेखन टोंड्रे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम और तहसीलदार को आवेदनों और शिकायतों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। नकल शाखा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली और नकल प्राप्त करने वाले ग्रामीण आकाश शर्मा से फोन पर बात कर पूरी प्रक्रिया के बारे में पूछा।
इस दौरान कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्र और भुइया कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके बाद कलेक्टर कुलदीप शर्मा स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां कक्षा दसवीं की गणित विषय की बोर्ड परीक्षा चल रही थी। उन्होंने केंद्राध्यक्ष से परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और परीक्षा को पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा केंद्र में कुल 450 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 436 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल और एसडीएम प्रकाश कोरी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

User 1











