पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पुल की रेलिंग से फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
मामला जुनवानी-चिखली मार्ग पर स्थित एक पुलिया के पास का है, जहां करीब 30 वर्षीय युवक ने गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह राहगीरों ने पुलिया की रेलिंग से लटकता शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गिधपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान ग्राम धाराशिव (लवन क्षेत्र) निवासी टिकेश्वर टंडन पिता देहरू टंडन (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक आत्महत्या के पीछे का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

User 1











