खारुन नदी में अज्ञात युवक की लाश मिलने से सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खारुन नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है। शव लंबे समय तक पानी में रहने के कारण बुरी तरह सड़-गल चुका है, जिससे मृतक की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक पुरुष की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसका कद लगभग 5 फीट 6 इंच, चेहरा गोल और रंग सांवला है। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का लोवर पहन रखा था। हालांकि तलाशी के दौरान कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य दस्तावेज नहीं मिलने से पुलिस को पहचान करने में परेशानी हो रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है, लेकिन मौत किन परिस्थितियों में हुई इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में सूचना प्रसारित की गई है और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाले लोगों से संपर्क करने की अपील की गई है। साथ ही सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर भी पहचान कराने का प्रयास जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, खारुन नदी क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में नदी में शव मिलने की घटना ने क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS RAIPURNEWS KHARUNNADINEWS KHARUNNADIMEAGYATYUVAKKASHAVMILNESESANSANINEWS AGYATYUVAKKASHAVNEWS DINDAYALUPADHYAYNAGARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER