जशपुर में चार्टर प्लेन क्रैश की अफवाह, प्रशासन को नहीं मिला कोई साक्ष्य



post

पब्लिक स्वर,जशपुर। जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर उठे धुएं ने चार्टर प्लेन क्रैश की आशंका को जन्म दिया, लेकिन प्रशासनिक जांच में अब तक ऐसी किसी घटना के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। प्रारंभिक सूचना के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अफवाहों को लेकर सतर्कता बरती।

कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच के दौरान यह सामने आया कि किसी भी ग्रामीण ने विस्फोट या विमान गिरने जैसी कोई आवाज नहीं सुनी है, जिससे प्लेन क्रैश की संभावना कमजोर होती दिख रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है। ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे इलाके का बारीकी से सर्वे किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित सुराग को नजरअंदाज न किया जाए।

प्रशासन का कहना है कि फिलहाल मौके से किसी भी प्रकार के मलबे, तकनीकी अवशेष या दुर्घटना से जुड़े संकेत नहीं मिले हैं। इसके बावजूद एहतियातन जांच जारी रखी गई है, ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS JASHPURNEWS CHARCHETPLENCRISHNEWS JASHPURMECHARCHETPLENCRISHKIAFVAHNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER