पब्लिक स्वर,बलरामपुर। बलरामपुर जिले के वन परिक्षेत्र धमनी में वन विभाग ने अवैध शिकार के एक मामले का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस ऑपरेशन में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
मामला उप परिक्षेत्र सुंदरपुर के परिसार डुग्गर क्षेत्र का है, जहां वन विभाग की टीम ने आरोपियों को ‘चिड़िया रंग प्यारी’ के तीन नग और एक गिलहरी का शिकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने वन्यजीवों का शिकार कर वन्यजीव संरक्षण कानून का गंभीर उल्लंघन किया है।
इस मामले में वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16), 9, 39, 50 और 51 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। प्रकरण क्रमांक 22296/18, दिनांक 18 अप्रैल 2026 को दर्ज कर विधिवत जांच शुरू की गई।वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 19 अप्रैल 2026 को जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेयी के मार्गदर्शन में की गई। उप वनमंडलाधिकारी वाड्रफनगर प्रेमचंद मिश्रा और परिक्षेत्राधिकारी धमनी केशव राज खटकर के नेतृत्व में टीम ने अभियान को अंजाम दिया। इसमें परिक्षेत्र सहायक हरिशंकर सिंह, बसंतलाल नेताम, परिसार रक्षक मनदेव प्रसाद गुप्ता, लालमती सोनवानी, वाहन चालक और वन प्रबंधन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शिकार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि वन्यजीवों के शिकार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

User 1













