पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा में सरकारी वीआईपी गेस्ट हाउस से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां DSPM प्लांट (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन) के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार समेत पांच अधिकारी कथित तौर पर शराब पार्टी करते पकड़े गए। इस घटना के फोटो और वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय सामने आई जब शनिवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के दौरे के दौरान उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी VIP गेस्ट हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को गेस्ट हाउस के एक कमरे से तेज आवाजें और सिगरेट का धुआं महसूस हुआ।
कार्यकर्ताओं ने जब संदेह के आधार पर जानकारी जुटाई, तो पता चला कि अंदर कुछ अधिकारी शराब पार्टी कर रहे हैं। मौके पर DSPM प्लांट के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार सहित पांच अधिकारी मौजूद पाए गए। बताया जा रहा है कि कमरे में शराब पी जा रही थी और माहौल पूरी तरह अनौपचारिक था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमरे में सिगरेट का धुआं भरा हुआ था। बाद में गेस्ट हाउस के किचन के फ्रीजर से बीयर और अन्य शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। यह भी सामने आया है कि गोवर्धन सिदार स्वयं इस गेस्ट हाउस के इंचार्ज हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है।
घटना की जानकारी मिलते ही मंत्री लखनलाल देवांगन ने तत्काल कंपनी के एमडी एस.के. कटियार से फोन पर बात की और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एमडी ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और दोषी पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह मामला केवल अनुशासनहीनता तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और पद की गरिमा पर सवाल भी खड़े करता है। खासकर तब, जब उसी गेस्ट हाउस में जनप्रतिनिधियों की आधिकारिक बैठक चल रही थी। स्थानीय सूत्रों का यह भी दावा है कि गेस्ट हाउस में इस तरह की गतिविधियां पहले भी होती रही हैं, लेकिन इस बार मामला सामने आने के बाद प्रशासन पर सख्त कदम उठाने का दबाव बढ़ गया है।

User 1








