पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत संतोषी नगर में एक 19 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कविता दास के रूप में हुई है। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कविता दास अपने परिचित युवक, जिसे पुलिस प्रेमी बता रही है, के घर मिलने पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद युवती ने उसी घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस टीम ने तत्काल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवती पर शादी को लेकर दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें आपसी संबंध, विवाद की प्रकृति और घटनास्थल की परिस्थितियों को प्रमुखता से खंगाला जा रहा है।

User 1











