पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत कमल विहार में हुई बुलेट चोरी की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। घटना के महज दो दिनों के भीतर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सतत पूछताछ के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी योगेश कुमार बांदे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बुलेट (क्रमांक CG 04 NW 1420), जिसे उनके दोस्त हरीशचंद्र बंजारे चला रहे थे, 16 अप्रैल को कमल विहार सेक्टर-04 स्थित वेलफेयर सोसायटी के पार्किंग में खड़ी की गई थी। अगले दिन 17 अप्रैल को जब वाहन देखा गया तो वह मौके से गायब था। अज्ञात चोर द्वारा वाहन चोरी किए जाने की शिकायत पर 19 अप्रैल 2026 को टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 325/2026, धारा 305 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटित ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल पुराने आरोपियों की तस्दीक के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से लगातार पूछताछ की और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने चोरी गई बुलेट के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषि शुक्ला (20 वर्ष) और रोहितेश चंद्राकर (22 वर्ष), दोनों निवासी सेक्टर-11 कमल विहार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी क्षेत्र में पहले भी संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है।

User 1











