पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब रायपुर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। ड्राइवर की सूझबूझ और तत्परता से बस में सवार सभी 50 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह घटना खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भैंसा गांव के पास सुबह करीब 9 बजे हुई। जानकारी के अनुसार राजधानी ट्रेवल्स की बस सुबह 8 बजे बलौदाबाजार से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे।
इंजन से उठने लगा धुआं, कुछ ही मिनटों में आग में बदली बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं आग में तब्दील हो गया और आग तेजी से बस में फैलने लगी। खतरे को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी दरवाजे खोलकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया।
ड्राइवर की सतर्कता से बचीं कई जानें
यात्री पवन ने बताया कि ड्राइवर ने समय रहते बस रोक दी और बच्चों व महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी यात्रियों को नीचे उतारा। यदि कुछ मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका
आग लगने के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों ने की मदद
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने यात्रियों को प्राथमिक सहायता दी और पानी की व्यवस्था की। सभी यात्री सुरक्षित होने के कारण राहत की सांस ली गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

User 1











