पब्लिक स्वर,बचेली। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती गौ तस्करी की घटनाओं, बेसहारा पशुओं की सुरक्षा और बीमार मवेशियों के उपचार को लेकर गुरुवार को बचेली थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू ने की, जिसमें गौ सेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में गौवंश संरक्षण और पशु सुरक्षा को लेकर गंभीर चर्चा हुई। थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू ने स्पष्ट कहा कि गौ तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए पुलिस और गौ सेवकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निगरानी बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना साझा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में नगर में घूम रहे आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित स्थान और अस्थायी आश्रय की व्यवस्था करने के साथ-साथ घायल एवं बीमार मवेशियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। गौ सेवकों ने कई क्षेत्रों में पशुओं के घायल अवस्था में पड़े रहने और उपचार में देरी की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
थाना प्रभारी ने कहा कि पशु संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि सभी लोग संवेदनशीलता और सजगता के साथ सहयोग करें तो गौ तस्करी और पशु क्रूरता जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
बैठक में नगर स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया, ताकि लोगों को पशुओं के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके और गौ तस्करी अथवा पशु उत्पीड़न की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाई जा सके।
गौ सेवकों ने थाना प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही गौवंश संरक्षण की दिशा में सार्थक और प्रभावी परिणाम सामने आएंगे।

User 1












