पब्लिक स्वर,भिलाई/दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने सोमवार तड़के खुर्सीपार क्षेत्र में बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से शुरू हुई कार्रवाई सुबह 9 बजे तक जारी रही। इस दौरान पुलिस ने बस्तियों, बाजार और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की। अभियान में करीब 500 मकानों और 200 ट्रेलर-ट्रकों की तलाशी ली गई। पुलिस ने 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की हैं, जबकि 3 लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।
पुलिस के अनुसार जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अपराधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया। उनके साथ नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी समेत 100 से अधिक पुलिस जवान मौजूद रहे।
पुलिस टीम ने खुर्सीपार के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में अलग-अलग टीम बनाकर कार्रवाई की। सुबह-सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी से इलाके में हड़कंप की स्थिति रही।
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेक की गई। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े ट्रक और ट्रेलरों के ड्राइवरों व क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और आधार कार्ड की भी जांच की गई। पुलिस ने विशेष रूप से मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों और धारदार हथियार रखने वालों पर नजर रखी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 संदिग्ध बाइक जब्त कीं। साथ ही 3 लोगों को पूछताछ के लिए खुर्सीपार थाना लाया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से संवाद भी किया। नागरिकों से अपील की गई कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

User 1












