पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए ज्वेलरी शॉप से करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है, जहां स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स को शनिवार-रविवार की दरमियानी रात निशाना बनाया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे अज्ञात चोर दुकान में घुसे और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद होने की वजह से कारोबारी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह जब दुकान खोली गई, तब अंदर का नजारा देख मालिक के होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और लाखों-करोड़ों के गहने गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोर पहले से दुकान की रेकी कर चुके थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोर दुकान में किस रास्ते से दाखिल हुए और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
राजधानी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर ज्वेलरी कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

User 1












