पब्लिक स्वर,सरगुजा। सरगुजा संभाग से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल की पुरानी बैटरी फटने से एक साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। खेलते समय हुए इस हादसे में बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया था। कई अस्पतालों में इलाज के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
खेलते-खेलते हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह नेताम 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों को कहीं से मोबाइल की एक पुरानी और खराब बैटरी मिल गई। बताया जा रहा है कि बच्चे बैटरी के साथ खेल रहे थे, तभी शाम करीब 5 बजे अचानक उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। ब्लास्ट इतना तेज था कि उसकी चपेट में आने से आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके चेहरे, सीने, पेट और हाथों पर गंभीर जलन की चोटें आईं।
अस्पतालों में चला इलाज, नहीं बच सकी जान
हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को लेकर प्रेमनगर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूरजपुर में भी हालत में सुधार नहीं होने पर आदित्य को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही और 1 जून की सुबह करीब 4 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैटरी बच्चों तक कैसे पहुंची और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।

User 1











