पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के बिरगांव नगर पालिक निगम क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। उरला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 में नाली के भीतर एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह कुछ राहगीरों की नजर नाली में पड़े एक कपड़े पर पड़ी। संदेह होने पर जब लोगों ने करीब जाकर देखा तो उसमें एक नवजात शिशु लिपटा हुआ मिला। बच्चे की हालत देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने जन्म के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा मृत पैदा हुआ था या जन्म के बाद उसकी मौत हुई। इस पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी।
पुलिस आसपास के इलाके में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हाल ही में किसी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में डिलीवरी तो नहीं हुई। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि नवजात को वहां फेंकने वाले व्यक्ति तक पहुंचा जा सके।

User 1













