अवैध सागौन कटान पर बड़ी विभाग की बड़ी कार्रवाई, फर्नीचर सहित लकड़ी जब्त



post

पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार वन विभाग ने अवैध सागौन कटान और चिरान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी और उससे निर्मित फर्नीचर जब्त किया है। यह कार्रवाई अर्जुनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेली और सुकली में की गई, जहां से लगातार अवैध लकड़ी कटान की शिकायतें मिल रही थीं।

वन विभाग को प्राप्त सूचनाओं के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से सागौन की अवैध कटाई कर उसका चिरान कर फर्नीचर तैयार किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने निगरानी तेज कर दी थी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचनाएं एकत्रित की जा रही थीं। पुख्ता सूचना मिलने के बाद टीम ने दोनों गांवों में सघन दबिश और तलाशी अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से चिरान की गई सागौन लकड़ी और उससे तैयार फर्नीचर बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। ग्राम सुकली में भी तलाशी की कार्रवाई की गई है तथा प्रकरण में आगे की जांच जारी है। वन विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी गुलशन साहू, डब्बू साहू, मीनाक्षी साहू, सुश्री रुपेश्वरी दीवान सहित वन परिक्षेत्र के कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामवासी मौजूद रहे। वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध लकड़ी कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BALAUDABAJARNEWS ARJUNINEWS BARELISUKLINEWS AVIDHSAGAUNKATANNEWS FARNICHARSAHITLKDIYAJABTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER