पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जिला ऑडिटोरियम बलौदाबाजार में वृहद महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लखपति दीदी, स्वच्छता दीदी, खेल प्रतिभाओं, जल संचय वाहिनी की सदस्याओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मान देकर उनके योगदान को सराहा गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ऋण राशि के चेक वितरित किए गए। वहीं छत्तीसगढ़ महिला कोष के अंतर्गत 13 महिलाओं को भी आर्थिक सहायता के रूप में चेक प्रदान किए गए, जिससे वे स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ा सकें।
कार्यक्रम के दौरान जगदलपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय महिला दिवस समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों ने देश को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाया है। उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि कई महिलाओं ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। सरकार की योजनाएं जैसे उज्ज्वला गैस, नल-जल योजना, स्वच्छता अभियान और पक्का मकान महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने माताओं से अपील की कि वे बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार भी दें, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल ने कहा कि आज की महिलाएं केवल परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रशासनिक, तकनीकी और राजनीतिक क्षेत्रों में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। महिला दिवस महिलाओं के सम्मान के साथ-साथ उनके सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का प्रतीक है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिले में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत जिले की लगभग 3 लाख 30 हजार महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। योजना की 25वीं किस्त के रूप में लगभग 30 करोड़ रुपये की राशि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के खातों में अंतरित की गई है।
कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने भी संबोधित किया। इस दौरान योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली मेहनतकश महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। इनमें हेमलता वर्मा, रखी ध्रुव और सुनीता कर्माकर शामिल थीं, जिन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है। महिला दिवस के इस आयोजन में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया।

User 1











