पब्लिक स्वर,सुकमा। सुकमा जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। अज्ञात चोरों ने भवन का ताला तोड़कर करीब 1.07 लाख रुपए मूल्य के इलेक्ट्रिकल सामान की चोरी कर ली थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कांग्रेस कार्यालय को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, सर्किट हाउस के सामने स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय राजीव भवन में अज्ञात चोरों ने रात के समय घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर भवन का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वहां लगे महंगे इलेक्ट्रिकल उपकरणों को निकालकर ले गए।
मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता शेख सजार ने सुकमा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि कार्यालय से दो एयर कंडीशनर, ट्यूबलाइट, पंखे, इलेक्ट्रिक बोर्ड और तांबे के तार चोरी हो गए हैं।
चोरी गए सामान की कीमत 1 लाख से ज्यादा
पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान में 2 नग गोदरेज कंपनी के एसी (आउटडोर यूनिट सहित), 13 ट्यूबलाइट, 1 सीलिंग पंखा, 6 इलेक्ट्रिक बोर्ड, लगभग 6 किलो तांबे का वायर इन सभी सामानों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.07 लाख रुपए बताई गई है।
विशेष टीम बनाकर शुरू की जांच
राजनीतिक दल के कार्यालय में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए सुकमा पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सम्राटनगर निवासी मोहम्मद अशवाक इस वारदात में शामिल है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपने रिश्ते के भतीजे नाहिद खान के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में खुला राज
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने राजीव भवन से इलेक्ट्रिकल सामान चोरी करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी नाहिद खान को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद किया गया।
न्यायालय में पेश, भेजे गए जेल
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय, सुकमा में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। चोरी के अन्य सामानों की बरामदगी और इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित संलिप्तता को लेकर भी जांच की जा रही है।

User 1












