Header Ad


बिलासपुर में 28 जून को होगा प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन, 5 हजार से अधिक व्यापारी होंगे शामिल



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा करते हुए तीसरे वर्ष के लिए नए लक्ष्यों का ऐलान किया है। शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता में संगठन ने पिछले दो वर्षों के कार्यों की जानकारी दी और बताया कि 28 जून 2026 को बिलासपुर के रामदेव लॉन, मंगला में प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा आयोजित की जाएगी। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से करीब 5 हजार सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि संगठन ने पिछले दो वर्षों में सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा, संगठन विस्तार, सुरक्षा, जागरूकता और व्यापारिक विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी 2024 में संगठन की 60 सक्रिय इकाइयां थीं, जो अब बढ़कर 125 से अधिक हो चुकी हैं। संगठन का लक्ष्य प्रदेश में 251 इकाइयों का गठन करना है।

जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को मिली गति

प्रेस वार्ता में बताया गया कि रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क संगठन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। इस परियोजना से प्रदेश के सराफा उद्योग को नई पहचान मिलने के साथ आधुनिक व्यापारिक सुविधाओं का विकास होगा।

"ऑपरेशन गोल्ड" बना पुलिस-व्यापारी समन्वय की मिसाल

संगठन ने बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित "ऑपरेशन गोल्ड" की सराहना करते हुए कहा कि सरकंडा डकैती कांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा पुलिस और व्यापारियों के बेहतर समन्वय का उदाहरण है। इस सफलता के लिए आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह सहित पूरी पुलिस टीम का सम्मान भी किया गया।

बीआईएस हॉलमार्क और सुरक्षा पर जोर

एसोसिएशन ने बीआईएस हॉलमार्क जागरूकता अभियान, ग्राहक जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यशालाओं के माध्यम से व्यापारियों एवं ग्राहकों के बीच विश्वास बढ़ाने का दावा किया। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने लोगों से केवल बीआईएस हॉलमार्क युक्त आभूषण खरीदने की अपील की।

महासम्मेलन में उठेगा BNS की धारा 317 का मुद्दा

28 जून को होने वाले महासम्मेलन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 के सरलीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन का कहना है कि वर्तमान प्रावधानों के कारण सराफा व्यापारियों को कई व्यावहारिक और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सम्मेलन में इस संबंध में शासन से नियमों को सरल और व्यावहारिक बनाने की मांग की जाएगी।

तैयारियां अंतिम चरण में

महासम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और विभिन्न सराफा एसोसिएशन सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। बिलासपुर सहित तखतपुर, सीपत, मरवाही, बेलतरा, चकरभाठा, करगी रोड-कोटा, बिल्हा-सरगांव और रतनपुर की सराफा संस्थाएं भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान संगठन की दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें संगठन विस्तार, जन-जागरण अभियान, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क और "ऑपरेशन गोल्ड" सहित प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, BILASPIUR NEWS, SARAFA MAHASAMMELAN NEWS

You might also like!