अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से कर दी हत्या, खुद थाने पहुंचकर कबूला जुर्म



post

पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव में एक पति ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी घर में ताला लगाकर सीधे थाना पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची, जहां घर के भीतर महिला का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

तीन महीने से मायके में रह रही थी महिला

जानकारी के अनुसार, पाली थाना अंतर्गत ग्राम बरहामुडा निवासी रमाशंकर यादव मजदूरी का काम करता है। उसकी पत्नी पूर्णिमा यादव (30 वर्ष) घरों और दुकानों में झाड़ू-पोछा कर परिवार चलाने में सहयोग करती थी। दंपति के दो बेटियां और एक बेटा हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी कारण पूर्णिमा पिछले करीब तीन महीनों से अपने मायके ग्राम मुनगाडीह में रह रही थी। गुरुवार को वह स्कूटी से अपने ससुराल बरहामुडा पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।

बच्चों को बाहर भेजकर की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान रमाशंकर ने पहले अपने एक बच्चे को साइकिल पंचर बनवाने के बहाने बाहर भेजा और बाकी बच्चों को खेलने के लिए घर से बाहर कर दिया। इसके बाद उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी के गले पर लगातार दो वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पूर्णिमा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने घर में ताला लगाया और अपने बेटे को चाबी देकर कहा कि वह जंगल जा रहा है। हालांकि वह जंगल नहीं गया, बल्कि सीधे पाली थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

थाने में आरोपी की बात सुनकर पुलिस को शुरुआत में यकीन नहीं हुआ। लेकिन जब उसने विस्तार से हत्या की बात बताई और अवैध संबंध के शक को वजह बताया, तब पुलिस तत्काल उसे लेकर गांव पहुंची। गांव पहुंचने पर ग्रामीण भी हैरान रह गए, क्योंकि किसी को घटना की भनक तक नहीं थी। बाद में बच्चे से चाबी लेकर घर का ताला खोला गया, जहां पूर्णिमा का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।

फारेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही फारेंसिक एक्सपर्ट और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी रमाशंकर यादव को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KORBANEWS PALITHANANEWS KORBAPALITHANANEWS AVIDHSAMBANDHKASHAKNEWS PATNIKIHATYANEWS AVIDHSAMBANDHKECHALTEPATNIKIHATYANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER