पब्लिक स्वर,कवर्धा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और स्कूली छात्रों ने शुक्रवार को जिले के पोंडी में संचालित शराब भट्ठी को हटाने की मांग को लेकर रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर उग्र प्रदर्शन किया। लंबे समय से शराब भट्ठी के स्थानांतरण की मांग की जा रही थी, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग हाईवे पर बैठ गए, जिससे NH-30 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री बसें, ट्रक और अन्य वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिसके चलते राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि प्रदर्शनकारी शराब भट्ठी को तत्काल हटाने की मांग पर अड़े रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब भट्ठी के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है। स्कूल के आसपास शराब दुकान होने से छात्रों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है और आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

User 1










