पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष पहल शुरू की है। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर के पेट्रोल पंपों पर प्रमुख और आसानी से दिखाई देने वाले स्थानों पर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर वाले पोस्टर लगाए जा रहे हैं।
इन पोस्टरों में पुलिस कंट्रोल रूम, संबंधित थाना प्रभारी, डायल-112 समेत अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर अंकित किए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी, लूट या अन्य आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दी जा सके।
पुलिस अधिकारियों द्वारा पेट्रोल पंप संचालकों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। उन्हें रात्रिकालीन सतर्कता बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, सीसीटीवी कैमरों को लगातार सक्रिय रखने तथा नगदी के सुरक्षित प्रबंधन के संबंध में जागरूक किया गया।
पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत लगातार निरीक्षण और जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

User 1










