Header Ad


शादी के 7 साल बाद विवाहिता की मौत या हत्या? पति के आत्महत्या वाले दावे पर परिजनों ने जताई आपत्ति



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पति का दावा है कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

2019 में हुई थी शादी, 13 महीने की बेटी है

जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर निवासी अदिति मौर्य (28) की शादी 10 फरवरी 2019 को बिलासपुर के दयालबंद मधुबन रोड निवासी रविकांत मौर्य से हुई थी। दंपति की 13 महीने की एक बेटी भी है। रविकांत तिफरा सब्जी मंडी में व्यवसाय करता है। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका के परिवार का आरोप है कि रविकांत के किसी दूसरी महिला से संबंध होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

पति का दावा- साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की

पुलिस को दिए गए अपने बयान में रविकांत मौर्य ने बताया कि घटना के समय वह अपनी बेटी के साथ ऊपर वाले कमरे में सो रहा था, जबकि अदिति नीचे थी। उसके अनुसार जब वह नीचे पहुंचा तो पत्नी बेड पर पड़ी मिली।
रविकांत का दावा है कि अदिति ने सिल्क की साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की थी, लेकिन फंदा खुल जाने के कारण वह नीचे गिर गई।

मायके पक्ष ने लगाया प्रताड़ना और हत्या का आरोप

मृतका के भाई अखिलेश वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अदिति को पति और ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि अदिति अक्सर फोन पर अपने साथ होने वाली मारपीट और उत्पीड़न की जानकारी देती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से अदिति से सीधा संपर्क भी नहीं हो पा रहा था। जब भी परिवार वाले बात करने की कोशिश करते, पति किसी न किसी बहाने से बातचीत नहीं होने देता था।

मोबाइल चैट को लेकर बढ़ा था विवाद

मृतका के भाई अभिषेक वर्मा ने आरोप लगाया कि रविकांत का दूसरी महिला से संबंध था। उनका दावा है कि करीब एक सप्ताह पहले अदिति ने पति के मोबाइल की चैट का वीडियो बनाकर अपनी बड़ी बहन को भेजा था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद और बढ़ गया था। परिजनों का कहना है कि 23 जून को भी अदिति के साथ मारपीट की गई थी। इसी बीच उन्हें रविकांत की मां से जानकारी मिली कि पति-पत्नी के बीच कमरे में विवाद हो रहा था। कुछ देर बाद अदिति के मृत मिलने की सूचना दी गई।

शरीर पर चोट के निशान मिलने से बढ़ा संदेह

मायके पक्ष का आरोप है कि अदिति के हाथ, गर्दन, पैर और कान पर चोट के निशान मौजूद थे। उनका कहना है कि जिस स्थान पर फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वहां भी ऐसे कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले, जिससे आत्महत्या की पुष्टि हो सके। परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर हत्या की आशंका जताई है और पति, सास-ससुर, ननद एवं नंदोई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सूचना नहीं देने का भी आरोप

परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें सीधे ससुराल पक्ष ने नहीं दी। दूसरे लोगों से सूचना मिलने के बाद वे उत्तरप्रदेश से बिलासपुर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें अदिति की मौत की जानकारी मिली। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे और आसपास के क्षेत्र से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस बोली- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हत्या और घरेलू प्रताड़ना सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को अहम माना जा रहा है, जिससे मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, BILASPUR NEWS, SITI KOTWALI THANA NEWS, BILASPUR SITI KOTWALI THANA NEWS, SADI KE 7SAAL BAAD VIVAHITA KI MAUT YA HATYA NEWS, PATI KE BAYAN PAR PARIJANO NE JATAI APPATTI NEWS, PATI PAR PRATADNA KA AROP NEWS, MAMALE KI JANCH ME JUTI POLICE,

You might also like!


RAIPUR WEATHER