पब्लिक स्वर,गरियाबंद। गरियाबंद जिले में अवैध खाद परिवहन और संभावित कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 280 बोरा डीएपी (DAP) खाद से भरे एक मेटाडोर को जब्त किया है। जब्त खाद की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई देवभोग थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संदिग्ध गतिविधि की सूचना और नियमित जांच के दौरान एक मेटाडोर वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में बड़ी मात्रा में डीएपी खाद लदी मिली। दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के दौरान परिवहन में अनियमितता पाए जाने पर पुलिस ने वाहन सहित 280 बोरा खाद जब्त कर लिया।
ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था खाद
पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि वह 8 हजार रुपए किराए पर एक लाइसेंसी व्यापारी के कहने पर खाद का परिवहन कर रहा था। चालक के अनुसार, खाद को ओडिशा के सीनापाली क्षेत्र से जांगड़ा ले जाया जा रहा था, जहां इसे एक मक्का कारोबारी को सौंपा जाना था।प्राथमिक जांच में परिवहन प्रक्रिया और दस्तावेजों को लेकर संदेह सामने आने के बाद पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया। बाद में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खाद को कृषि विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
जांच जारी
पुलिस और कृषि विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि खाद का परिवहन निर्धारित नियमों के तहत किया जा रहा था या नहीं, तथा इसमें किन-किन लोगों की भूमिका है। मामले में संबंधित व्यापारियों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि खाद की कालाबाजारी और अवैध परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।

User 1









