रायपुर में भाजपा नेता के पारिवारिक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भाजपा नेता ऋतुपर्ण सिंह, मोनिका सिंह और उनके परिजन बारात के दौरान बंदूक से हवा में फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस जांच की बात कह रही है।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बारात के बीच एक लंबी बंदूक के जरिए क्रमवार कई लोग फायरिंग कर रहे हैं। समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में बाराती और अन्य लोग मौजूद हैं। भीड़भाड़ वाले माहौल में खुलेआम हथियार लहराते हुए फायरिंग किए जाने को लेकर सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।

सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि वीडियो के एक हिस्से में एक बच्चे के हाथ में भी बंदूक दिखाई दे रही है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे ने फायर किया या नहीं, लेकिन नाबालिग के हाथ में हथियार पहुंचना गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।

फिलहाल यह भी साफ नहीं हो सका है कि इस्तेमाल की गई बंदूक लाइसेंसी थी या नहीं। यदि हथियार वैध लाइसेंस पर है, तब भी सार्वजनिक समारोह में इस तरह हर्ष फायरिंग करना नियमों के दायरे में आता है और पुलिस इसकी वैधानिक जांच कर सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक हर्ष फायरिंग कई बार जानलेवा हादसों का कारण बन चुकी है। देश के अलग-अलग राज्यों में ऐसे मामलों में लोगों की मौत और गंभीर चोट के कई उदाहरण सामने आ चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो पुलिस तक भी पहुंच चुका है। पुलिस अब वीडियो की सत्यता, हथियार की वैधता और फायरिंग की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में अब तक आधिकारिक एफआईआर या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है। चूंकि मामला भाजपा नेता और उनके परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है, इसलिए राजनीतिक हलकों में भी इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करती है या नहीं।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS BJPNETANEWS BJPNETAKEPARIVARIKSAMAROHMEHARSHFAYRINGNEWS HARSHFAYRINGNEWS HAVAIAYRINGNEWS FAYRINGKAVIDEOVAYRALNEWS HAVAIFAYRINGKAVIDEOVAYRALNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER