पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग के पास स्थित लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट झोराघाट में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। परिवार के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे 17 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अलाउद्दीन के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पिकनिक के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कटघोरा मुख्य मार्ग निवासी ताजुद्दीन अपने परिवार के साथ झोराघाट घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। छुट्टी का दिन होने के कारण झोराघाट में काफी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान अलाउद्दीन नदी में नहाने चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाते समय वह अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें
परिजन तत्काल अलाउद्दीन को कटघोरा स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि समय पर इलाज और आपातकालीन सुविधाओं को लेकर परिजनों में नाराजगी भी देखी गई, जिससे कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सुरक्षा संबंधी कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग मौजूद थी या नहीं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अलाउद्दीन परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से झोराघाट जैसे पर्यटन और पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

User 1









