ग्रामीण के घर में सहेजी गई 150 साल पुरानी विरासत, कोंडागांव में पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण



post

पब्लिक स्वर,कोंडागांव। भारत की ज्ञान परंपरा को सहेजने और उसे डिजिटल रूप में संरक्षित करने की दिशा में चल रहे “ज्ञान भारतम् अभियान” के तहत कोंडागांव जिले में पांडुलिपियों के सर्वेक्षण और डिजिटलीकरण का कार्य लगातार जारी है। इस अभियान ने अब ग्रामीण अंचलों में छिपी दुर्लभ धरोहरों को सामने लाना शुरू कर दिया है।

इसी क्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने ग्राम बड़े कनेरा का दौरा किया, जहां उन्होंने एक महत्वपूर्ण खोज को सामने लाया। ग्राम निवासी रामूराम यादव के घर में लगभग 150 वर्ष पुरानी उड़िया भाषा में लिखी 8 प्राचीन पांडुलिपियां संरक्षित पाई गईं। प्रशासन की टीम ने मौके पर ही इन पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण कराया, जिससे इनके सुरक्षित संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाया गया।

कलेक्टर पन्ना ने पांडुलिपियों का अवलोकन करते हुए उनकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने रामूराम यादव से इन ग्रंथों की पृष्ठभूमि, विषयवस्तु और पीढ़ियों से उनके संरक्षण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। साथ ही, इतने लंबे समय तक इन धरोहरों को सुरक्षित रखने के लिए यादव की सराहना की।

यह पहल केवल दस्तावेजों को डिजिटल रूप देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से स्थानीय इतिहास, भाषाई विविधता और पारंपरिक ज्ञान को संरक्षित करने का व्यापक प्रयास भी किया जा रहा है। उड़िया भाषा में लिखित इन पांडुलिपियों की मौजूदगी क्षेत्र के ऐतिहासिक सांस्कृतिक संपर्कों की ओर भी संकेत करती है, जो शोध के लिए महत्वपूर्ण आधार बन सकती हैं।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके पास भी किसी प्रकार की प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियां या दस्तावेज उपलब्ध हों, तो वे जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दें। इससे इन धरोहरों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और डिजिटलीकरण संभव हो सकेगा।

“ज्ञान भारतम् अभियान” भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में बिखरी प्राचीन पांडुलिपियों को खोजकर उन्हें संरक्षित करना, डिजिटल स्वरूप में उपलब्ध कराना और उनमें निहित ज्ञान को समाज के सामने लाना है। यह अभियान न केवल ऐतिहासिक दस्तावेजों को बचाने का प्रयास है, बल्कि भारत की बौद्धिक विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक संगठित कदम भी है।

इस दौरान ज्ञान भारतम् मिशन की जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, सरपंच प्रकाश चुरगिया सहित ग्राम के वरिष्ठजन भी उपस्थित रहे।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BASTARNEWS KONDAGAONNEWS GRAMINKEGHARSAHEJIGAI150SAALPURANIVIRASATNEWS 150SAALPURANIVIRASATNEWS PANDULIPIYONKADIGITALIKARANNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER