पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार घटनाओं से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब एक कथित शातिर चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पकड़कर पहले रस्सी से बांधा और फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लंबे समय से चोरी की घटनाओं से परेशान थे ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, कटघोरा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव और आसपास के इलाकों में पिछले कई महीनों से मवेशी चोरी और खेतों से बोर पंप गायब होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस में शिकायत के बावजूद चोरी की वारदातों पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही थी, जिसके चलते गांवों में लगातार भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ था। इसी बीच रविवार को दो युवक कथित तौर पर चोरी की घटना को अंजाम देकर बाइक से भाग रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में स्पीड ब्रेकर आने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को घेर लिया।
एक आरोपी फरार, दूसरा ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा
ग्रामीणों की भीड़ बढ़ते देख एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि दूसरे युवक को लोगों ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान तिवरता गांव निवासी के रूप में बताई जा रही है। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने युवक को रस्सी से बांधकर उसकी पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीण लगातार हो रही चोरियों से इतने नाराज थे कि आरोपी को पकड़ते ही भीड़ ने कानून अपने हाथ में ले लिया। घटना के दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
सूचना मिलने के बाद कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही फरार दूसरे युवक की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पकड़ा गया आरोपी क्षेत्र में हुई पुरानी चोरी की घटनाओं में शामिल था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

User 1









