पब्लिक स्वर,अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम उल्बा निवासी भूषण लाल साहू (35 वर्ष) अपने दोस्त मनोज साहू के साथ स्कूटी क्रमांक CG-04-HZ-8951 से ग्राम खोरपा से अपने घर लौट रहे थे। शाम लगभग 6.30 बजे, जब वे भरेंगाभाठा पहुंचे, तभी सामने से परसुलीडीह की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाईवा क्रमांक CG-04-PK-5388 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि भूषण लाल साहू के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पीछे बैठे मनोज साहू के सिर के पीछे, आंख के पास और कमर में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभनपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने भूषण लाल साहू को मृत घोषित कर दिया। घायल मनोज साहू का उपचार निजी अस्पताल अभनपुर में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

User 1











