मकान में चल रहा था हाईप्रोफाइल जुआ फड़, पुलिस ने दबिश देकर 5 को पकड़ा



post

पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले में जुआ खेलने और जुआ फड़ संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भिलाई के खुर्शीपार इलाके में एक मकान के भीतर चल रहे जुआ फड़ पर छापा मारकर पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करीब 16 लाख 70 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। जब्त सामान में नगदी, कार, बाइक, मोबाइल फोन और जुआ खेलने का सामान शामिल है।

यह कार्रवाई खुर्शीपार थाना पुलिस और ACCU (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क एवेन्यू क्वार्टर नंबर-6 स्थित एक मकान में कुछ लोग बड़े पैमाने पर पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो वहां पांच लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाते मिले। टीम ने मौके से 92 हजार 615 रुपए नकद, 52 पत्ती के दो ताश के गड्डे, दो कार, दो बाइक और कई मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा प्लास्टिक की कुर्सियां, टेबल और जुआ फड़ चलाने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक जब्त वाहनों की कीमत ही करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में जानकी रमैया (60), जितेंद्र सिंह (58), अशोक कुमार सोनी (45), मोहम्मद अनीस (51) और रवि कुमार (50) शामिल हैं। सभी आरोपी भिलाई और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छावनी इलाके में भी 7 जुआरी गिरफ्तार

इधर, भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने कसाई मोहल्ला नाला के पास खुले स्थान पर जुआ खेल रहे 7 लोगों को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश और 1200 रुपए नकद बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में दानिश कुरैशी, विरेन्दर चौहान, मोहम्मद चांद, मोहम्मद जाफर, रितिक कोलते, रेहान हुसैन और शेख अफरोज शामिल हैं। सभी आरोपी भिलाई के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

लगातार बढ़ रही जुए के खिलाफ कार्रवाई

भिलाई और दुर्ग जिले में हाल के दिनों में पुलिस लगातार जुए और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। खासकर मकानों और बंद स्थानों में संचालित जुआ फड़ों पर ACCU और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई बढ़ी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अवैध ठिकानों की सूचना मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS MAKANMEJUWANEWS MAKANMEJUWANEWS MAKANMECHALRAHATHAHIGHPROF

You might also like!


RAIPUR WEATHER