पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में एक सराफा व्यापारी के साथ अस्पताल परिसर में मारपीट का मामला सामने आया है। डीडी नगर निवासी और सोने–चांदी की दुकान चलाने वाले नवीन सोनी ने आरोप लगाया है कि सिटी अस्पताल, चौबे कॉलोनी में तैनात गार्ड ने पहले उनसे बहसबाजी की और बाद में अपने साथियों को बुलाकर उन पर और उनके बड़े भाई पर हमला कर दिया।
क्या हुआ था घटना के समय
नवीन सोनी अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत गंभीर थी, इसलिए वह कार को सीधे इमरजेंसी गेट के अंदर ले गए। लेकिन गार्ड ने कार रोक दी और अंदर जाने से मना कर दिया। नवीन के समझाने के बावजूद गार्ड बहस करता रहा। बाद में एक नर्स की मदद से उनकी पत्नी को भर्ती कराया गया।
दवाई लेने नीचे आए तो शुरू हो गया विवाद
पत्नी को भर्ती कराने के बाद नवीन दवाई लेने नीचे आए। इसी दौरान गार्ड ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर नवीन से गाली-गलौज की और अचानक हमला कर दिया। हमले में हाथ, मुक्का और नुकीली चीज का इस्तेमाल किया गया, जिससे नवीन के सिर, चेहरे और पैरों में चोटें आईं।
नवीन के बड़े भाई नीलेश सोनी जब बीच-बचाव करने आए तो उन पर भी हमला किया गया। उनके सिर, हाथ और पैरों में चोट लगी है। घटना को आस-पास मौजूद लोगों ने देखा।
पुलिस में शिकायत दर्ज
पीड़ित नवीन सोनी ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए गार्ड और उसके साथियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

User 1










