पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भाटापारा स्थित एक दाल मिल पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने 316 बोरी उड़द दाल और संदिग्ध रासायनिक रंग जब्त किया है। जब्त माल की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपए बताई जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या महिलांग के नेतृत्व में टीम ने भाटापारा के सुहेला रोड स्थित खोखली क्षेत्र में संचालित अन्नपूर्णा ट्रेडर्स (दाल मिल) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मिल परिसर में रखे कुछ ड्रमों में काले रंग का पदार्थ पाया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उड़द दाल को अधिक गहरा और चमकदार दिखाने के लिए इस रंग का उपयोग किया जा रहा था, ताकि ग्राहक आकर्षित हों और बिक्री बढ़ाई जा सके।
मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद 316 बोरी उड़द दाल और संदिग्ध रंग को जब्त कर लिया। साथ ही उड़द दाल के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजे गए हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दाल में कौन-कौन से रासायनिक रंग या मिलावटी पदार्थ मिलाए गए हैं। यदि रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या महिलांग ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दालों में रंग मिलाकर उनकी गुणवत्ता से खिलवाड़ करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आगे बताया कि इस तरह की जांच और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि बाजार में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। इस कार्रवाई के दौरान भाटापारा पुलिस का भी सहयोग मिला, जिससे मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिली। खाद्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है और आम जनता ने विभाग की पहल का स्वागत किया है।

User 1











