रिसेप्शन से पहले दुल्हन को लेने ससुराल पहुंचा प्रेमी, दूल्हे ने साथ रखने से किया इनकार



post

पब्लिक स्वर,मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक शादी उस समय विवादों में घिर गई, जब शादी के महज दो दिन बाद दुल्हन का कथित बॉयफ्रेंड उसके ससुराल पहुंच गया। युवक ने परिवार के सामने दावा किया कि दुल्हन पिछले तीन साल से उसके साथ रिलेशनशिप में थी। उसने कहा कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और उसके पास दोनों के फोटो और वीडियो भी मौजूद हैं। युवक की बात सुनते ही घर में हड़कंप मच गया और रिसेप्शन की खुशियां विवाद में बदल गईं।

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत कठौतिया निवासी नवीन कुमार किराना दुकान चलाता है। उसकी शादी 6 मई को कोड़ा निवासी अनिता के साथ पूरे रीति-रिवाज से हुई थी। 7 मई को विदाई के बाद दुल्हन अपने ससुराल पहुंची। घर में रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी दौरान मयूर अग्रवाल नाम का युवक अचानक दुल्हन के ससुराल पहुंच गया। बताया जा रहा है कि मयूर ड्राय फ्रूट्स का कारोबार करता है।

ससुराल पहुंचते ही युवक ने दुल्हन को अपनी गर्लफ्रेंड बताते हुए कहा कि दोनों पिछले तीन साल से रिलेशनशिप में हैं। उसने परिवार के सामने दावा किया कि वह दुल्हन के बिना नहीं रह सकता। युवक ने यह भी कहा कि उसके पास दोनों के निजी फोटो और वीडियो मौजूद हैं। यह सुनते ही दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। घर में काफी देर तक बहस और हंगामा चलता रहा।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा, दुल्हन तथा युवक को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली ले जाया गया। थाने में देर रात करीब 2 बजे तक बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

पूरे घटनाक्रम के बाद दूल्हे नवीन कुमार ने दुल्हन को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। उसका कहना है कि यदि युवती पहले से किसी दूसरे युवक के साथ संबंध में थी, तो वह इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर सकता। उसने तलाक लेने की बात भी कही है। विवाद के बाद परिवार ने रिसेप्शन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया।

सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि मामले में दोनों परिवारों को समझाइश दी गई है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश की है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS MCBNEWS MANENDRGADHNEWS MANENDRGADHBHARATPURCGIRMITINEWS RICEPSANSEPAHLEDULHANKOLENEOAHUCHAPREMINEWS DULHAKOLENEPAHUNCHAPREMINEWS SHADIKEDODINBAADPREMIKAKOLENEPAHUNCHAYUVAKNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER