चोरी के शक पर युवकों को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया, वीडियो वायरल



post

पब्लिक स्वर,सूरजपुर। सूरजपुर जिले में कानून को हाथ में लेने का एक और मामला सामने आया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के छिंदिया गांव में ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में दो युवकों को कथित तौर पर पकड़कर उनके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, छिंदिया गांव निवासी धनसाय (35) और मुकेश (25) पर खेत से सबमर्सिबल पंप चोरी करने का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों को पंप चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। इसके बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर दोनों युवकों के साथ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार किया। वीडियो में दोनों युवक पंप उठाए दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके गले में जूते-चप्पलों की माला डाली गई है।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़ित युवकों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में मारपीट और अमानवीय व्यवहार की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


एक महीने में दूसरी घटना

सूरजपुर जिले में पिछले एक महीने के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है, जिसने प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले पस्ता गांव में चोरी के शक में एक युवक का आधा सिर मुंडवाकर उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई थी। इतना ही नहीं, युवक और उसकी पत्नी को कथित तौर पर मारपीट करते हुए पूरे गांव में घुमाया गया था। उस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं संकेत देती हैं कि कुछ इलाकों में भीड़ द्वारा सजा देने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। जानकारों का मानना है कि प्रशासन को केवल घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता और सामाजिक संवाद बढ़ाने की जरूरत है, ताकि लोग कानून हाथ में लेने से बचें।

पुलिस की कार्रवाई

रामानुजनगर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, चोरी के आरोप की भी अलग से जांच की जा रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS SURAJPURNEWS RAMANUJNAGARNEWS SUAJPURRAMANUJNAGARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER