पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे में इस्तेमाल होने वाले 1120 गोगो रैपर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर में अलग-अलग पान ठेलों पर इनकी अवैध बिक्री कर रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास एक युवक गोगो रैपर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा (38 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, रायगढ़ बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास रखे दो कार्टन से 20 डिब्बों में कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन रैपरों में तंबाकू युक्त फ्लेवर या गांजा भरकर नशे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह सामान तिल्दा (जिला रायपुर) से करीब 14,500 रुपये में खरीदकर रायगढ़ लाया था और शहर के विभिन्न पान ठेलों में चोरी-छिपे बेचता था।
पुलिस आरोपी को कोतवाली थाना लेकर आई, जहां उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि "ऑपरेशन आघात" के तहत नशे के कारोबार, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी ने कहा कि नशे को बढ़ावा देने वाले हर माध्यम और उससे जुड़े कारोबारियों पर पुलिस की कड़ी नजर है तथा आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

User 1












