दंतेवाड़ा में घर के सामने खेल रही बच्ची को वैन में डालकर फरार हुए संदिग्ध, 20 से ज्यादा थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी



post

पब्लिक स्वर,दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में एक 2 वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी, तभी वैन में सवार कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा उसे उठाकर ले जाने की बात सामने आई है। घटना कटेकल्याण थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, कटेकल्याण क्षेत्र के नदी कोंटा पारा में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके साथ एक अन्य बच्ची भी मौजूद थी। इसी दौरान एक वैन वाहन वहां पहुंचा, जिसमें कुछ फेरीवाले जैसे दिखने वाले लोग सवार थे। आरोप है कि वे बच्ची को उठाकर वाहन में बैठाकर मौके से फरार हो गए।

दूसरी बच्ची के रोने पर परिजनों को हुई जानकारी

बताया जा रहा है कि घटना के समय साथ खेल रही दूसरी बच्ची जोर-जोर से रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर परिजन घर से बाहर आए, लेकिन तब तक संदिग्ध वाहन वहां से जा चुका था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV फुटेज और सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस ने दंतेवाड़ा और आसपास के जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक, दंतेवाड़ा, कटेकल्याण, दरभा, पखनार, अरनपुर, कुआकोंडा, भांसी, बचेली, भैरमगढ़, नेलसनार, कोड़ेनार, परपा और जगदलपुर सहित 20 से अधिक थाना क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर नाकेबंदी की गई है। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।

संदिग्धों की पहचान अभी नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संदिग्ध फेरीवाले कौन थे, वे किस क्षेत्र से आए थे और जिस वैन का इस्तेमाल किया गया उसका नंबर क्या था। पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं

बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा, कटेकल्याण थाना प्रभारी निर्मल वर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और अभियान की निगरानी कर रहे हैं। दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आर.के. बर्मन ने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और बच्ची की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

कई सवालों के जवाब तलाश रही जांच

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह सुनियोजित वारदात थी, संदिग्ध पहले से क्षेत्र की रेकी कर रहे थे या फिर किसी अन्य उद्देश्य से वहां पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।बच्ची की सुरक्षित बरामदगी फिलहाल पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DANTEVADANEWS KATEKALYANNEWS DANTEVADAKATEKALYANEWS GHARKESAMNEKHELRAHIBACCHIKOLEGAYEAGYATNEWS BACCHIKOVAINMEBHARKARLEGAYEAGYATNEWS 20SEJYADATHANOMENAKABANDINEWS GHARKESAMNEKHELAHIBACCHIKOLEGAYESANDIGHDHNEWS GHARKESAMNEKHELAHIBACCHIKOVENMELEGAYESANDIGHDHNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER