पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसने मादक पदार्थ की तस्करी के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाए जा रहे 72.621 किलोग्राम गांजा को प्लास्टिक के टबों में छिपाकर परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 36.31 लाख रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली थी कि छह संदिग्ध व्यक्ति चार मोटरसाइकिलों के जरिए ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के अनुसार, गिरोह ने निगरानी के लिए आगे और पीछे अलग-अलग बाइक लगाई थीं, जबकि बीच की बाइकों में गांजा छिपाकर रखा गया था। सभी वाहनों पर मध्यप्रदेश की नंबर प्लेट लगी हुई थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने भेड़ी तिराहा क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही भागा एक आरोपी
चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइकें जैसे ही पुलिस के करीब पहुंचीं, एक बाइक पर पीछे बैठा युवक पुलिस को देखकर कूदकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने अन्य चार बाइकों को रोककर उनकी जांच की। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने खुद को मध्यप्रदेश के रायसेन और सागर जिले का निवासी बताया।
टबों में बनाया था गुप्त चैंबर
तलाशी के दौरान पुलिस को बाइक के कैरियर पर रखे बड़े काले प्लास्टिक के टब संदिग्ध लगे। जांच में सामने आया कि तस्करों ने टबों के ऊपरी हिस्से को सामान्य रखा था, जबकि नीचे के हिस्से को काटकर खोखला बनाया गया था। इसी गुप्त चैंबर में गांजे के पैकेट छिपाए गए थे।एक बाइक से 22 पैकेट और दूसरी बाइक से 28 पैकेट गांजा बरामद हुआ। कुल मिलाकर 72.621 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने कार्रवाई में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है— श्याम गोड़ (26 वर्ष), ग्राम टपराटोला, जिला रायसेन (मप्र), पवन गोड़ (26 वर्ष), राहतगढ़, जिला सागर (मप्र), प्रदीप चौहान (20 वर्ष), ग्राम टपरापठारी, जिला रायसेन (मप्र), संजय कुमावत (20 वर्ष), ग्राम टपरापठारी, जिला रायसेन (मप्र) और एक नाबालिग भी मामले में पकड़ा गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

User 1












