पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। करीब दो महीने पहले दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक नगर सैनिक (होमगार्ड) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की भूमिका अवैध गांजा कारोबार से जुड़े नेटवर्क में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, थाना मगरलोड में 14 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। उस समय ग्राम मोहेरा में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1.660 किलोग्राम गांजा, नगद राशि और मोबाइल फोन समेत कुल 89,930 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की थी। मामले में लाभाराम कुर्रे (48) और उनकी पत्नी सुशीला बाई कुर्रे (51) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
जांच में सामने आई नगर सैनिक की भूमिका
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के परीक्षण में एक और आरोपी की संलिप्तता सामने आई। जांच में पता चला कि महेश सिन्हा (40), निवासी ग्राम पाहन्दा, थाना मगरलोड, जो नगर सैनिक के रूप में कार्यरत है, का इस अवैध कारोबार से संबंध रहा है। पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी और हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर महेश सिन्हा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश
धमतरी पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क की पहचान कर उससे जुड़े लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नशे के कारोबार में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

User 1















