पब्लिक स्वर,दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज अपहरण की घटना सामने आई। घर के आंगन में खेल रही 2 वर्षीय मासूम बच्ची को कथित रूप से फेरी लगाकर तिरपाल बेचने वाले कुछ लोग वैन में बैठाकर अपने साथ ले गए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जिलेभर में की गई नाकेबंदी के चलते बच्ची को कुछ ही घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। हालांकि, आरोपी अभी भी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, कटेकल्याण थाना क्षेत्र के नदीकोंटा पारा में बुधवार सुबह करीब 11 बजे 2 वर्षीय तृप्ति अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान तिरपाल बेचने के बहाने इलाके में पहुंचे कुछ संदिग्ध लोगों ने बच्ची का अपहरण कर लिया और वैन में बैठाकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर नाकेबंदी शुरू कर दी। साथ ही आसपास के जिलों को भी सूचना देकर संदिग्ध वाहन और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई।
पुलिस की सघन जांच और दबाव के चलते आरोपी बच्ची को अधिक दूर नहीं ले जा सके। बताया जा रहा है कि तुमकपाल क्षेत्र में आरोपियों ने मासूम को छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है। अपहरण में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

User 1












