पब्लिक स्वर,गरियाबंद। गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। दीवानमुड़ा गांव स्थित एक होटल में आरोपी ने महिला समेत एक ही परिवार के चार लोगों पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में 45 वर्षीय महिला छबनीता यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
होटल पहुंचते ही किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी देवी सिंह सोमवार सुबह होटल पहुंचा और अचानक छबनीता यादव पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने पहले महिला की गर्दन पकड़कर ब्लेड से वार किया। घटना इतनी तेजी से हुई कि वहां मौजूद परिवार के सदस्य संभल भी नहीं पाए। महिला को बचाने पहुंचे दोनों बेटों और पति पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। हमले में एक बेटे की गर्दन और पति के पेट पर गंभीर चोट आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ी दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को तत्काल देवभोग अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर प्रकाश साहू ने जांच के बाद छबनीता यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पति और बेटों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ ही देर बाद आरोपी देवी सिंह को हिरासत में ले लिया।
पुलिस कर रही पूछताछ
देवभोग थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जाएगा।
गांव में डर और तनाव का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद दीवानमुड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतनी भयावह घटना नहीं देखी। घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

User 1










