राज्य post authorUser 1 22 June 2025

सनरूफ से शराब और खिड़की से सिगरेट,पर्यटकों की बेहूदा हरकत का वीडियो वायरल



post

पब्लिक स्वर,शिमला। हिमाचल की शांत वादियों में सुकून की तलाश में आने वाले सैलानियों में कुछ लोग अब पर्यटन के नाम पर मर्यादा लांघने से भी नहीं चूक रहे हैं। देवभूमि की संस्कृति और कानून को ताक पर रखकर सड़कों को शराबखाना बनाने का ताजा मामला मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र से सामने आया है। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर कैंची मोड़ के पास दिल्ली नंबर की एक कार में सवार पर्यटकों ने खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाईं।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि चलती गाड़ी के सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकले कुछ युवक शराब और सिगरेट का खुलेआम सेवन कर रहे हैं। एक युवक सनरूफ से बाहर निकलकर जाम छलकाता नजर आ रहा है, जबकि उसका साथी खिड़की से लटककर सिगरेट और शराब का आनंद ले रहा है। राहगीरों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों में भारी रोष है। सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे तथाकथित पर्यटक न केवल हिमाचल की मर्यादा को ठेस पहुंचा रहे हैं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि वीडियो के माध्यम से वाहन की पहचान कर ली गई है और संबंधित पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

स्थानीय प्रशासन ने भी साफ किया है कि हिमाचल की गरिमा और सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले पर्यटकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पर्यटन प्रदेश होने के नाते यहां सभी का स्वागत है, लेकिन किसी को भी मर्यादा और कानून की सीमा पार करने की छूट नहीं दी जाएगी।



PUBLICSWARNEWS HIMANCHALNEWS SIGRETORSARABNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER