पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली गैंगवार की घटना सामने आई है। राजधानी के DD नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड नंबर-01 स्थित कुशालपुर इलाके में देर शाम उस वक्त दहशत फैल गई, जब स्कॉर्पियो सवार युवकों और बाइक सवार युवकों के बीच बीच सड़क खूनी संघर्ष शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच चाकू, फरसे और लाठी-डंडों से हमला हुआ। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बीच सड़क पर मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुशालपुर रिंग रोड पर अचानक एक स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार युवकों को रोका। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सड़क पर मौजूद लोगों ने बताया कि युवक पहले से हथियार लेकर पहुंचे थे, जिससे घटना को लेकर सुनियोजित हमले की आशंका भी जताई जा रही है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक चाकू और फरसे से हमला कर रहे हैं, जबकि अन्य लाठी-डंडों से एक-दूसरे को निशाना बना रहे हैं। सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच राहगीरों और वाहन चालकों में भय का माहौल बन गया।
लोगों ने बनाई दूरी, मोबाइल में कैद हुई वारदात
घटना के दौरान स्थानीय लोग डर के कारण दूर खड़े रहे। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरी वारदात रिकॉर्ड कर ली, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर आसपास के लोग इकट्ठा नहीं होते, तो घटना और ज्यादा गंभीर रूप ले सकती थी। जैसे ही भीड़ बढ़ने लगी, दोनों पक्षों के युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद इलाके में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
सूचना मिलने के बाद DD नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर कुछ संदिग्ध युवकों की पहचान कर ली गई है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या गैंग प्रतिद्वंद्विता को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
राजधानी में बढ़ती गैंग गतिविधियों पर उठे सवाल
रायपुर में पिछले कुछ समय से खुलेआम मारपीट, चाकूबाजी और गैंगवार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की वारदातों ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कुशालपुर की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर बदमाशों में पुलिस का खौफ क्यों नहीं दिखाई दे रहा। स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

User 1










