पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद आपराधिक वारदात में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर एक युवक को कबाड़ी दुकान में बंधक बनाया, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित पक्ष के टाटा पिकअप वाहन पर भी जबरन कब्जा कर लिया। मामले की शिकायत मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटा गया वाहन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फिरोज और अब्दुल सफीर के रूप में हुई है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी के साले को बंधक बनाकर मारपीट की और वाहन लूट की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस की दबिश में निकली हेकड़ी
इलाके में दबंग छवि और रसूख के लिए चर्चित आरोपियों की पुलिस कार्रवाई के सामने हेकड़ी निकल गई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से लूटा गया टाटा पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया गया।
एक आरोपी का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अब्दुल सफीर का नाम पूर्व में भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में सामने आ चुका है। वह इन मामलों में जेल की हवा भी खा चुका है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी रही है कि वह कबाड़ कारोबार से जुड़े कुछ लोगों को संरक्षण देने और अन्य कारोबारियों की गतिविधियों में बाधा डालने की कोशिशों में सक्रिय रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामला न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।
एसएसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में सिरगिट्टी पुलिस ने शिकायत मिलते ही अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस का कहना है कि जिले में गुंडागर्दी, रंगदारी और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

User 1









