रिकॉर्डिंग करते-करते चली गई जान? फंदे पर लटकी मिली महिला की लाश



post

पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले से एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय एक विवाहिता की फांसी लगने से मौत हो गई। घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी घटना मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस को मृतका के फोन से करीब डेढ़ घंटे का वीडियो मिला है, जिसमें वह फंदा तैयार करती और बाद में उससे झूलती दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महिला संभवतः किसी वीडियो या रील की रिकॉर्डिंग कर रही थी, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घर में अकेली थी विवाहिता

जानकारी के अनुसार, कोष्टापारा निवासी विशाखा देवांगन (22) की शादी करीब चार वर्ष पहले शुभम देवांगन से हुई थी। शुभम एक जूता-चप्पल दुकान में काम करता है। मंगलवार दोपहर विशाखा घर पर अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम पर गए हुए थे। दोपहर में जब उसकी सास घर लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों को बुलाया गया और दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर विशाखा साड़ी के फंदे से पंखे पर लटकी हुई मिली। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ पूरा घटनाक्रम

पुलिस जांच के दौरान मृतका का मोबाइल फोन रिकॉर्डिंग मोड में मिला। फोन की जांच में करीब डेढ़ घंटे का वीडियो बरामद हुआ है। सूत्रों के अनुसार, वीडियो में विशाखा पहले पंखे पर साड़ी बांधकर फंदा तैयार करती दिखाई देती है। इसके कुछ समय बाद उसका संतुलन बिगड़ जाता है और वह फंदे पर झूलने लगती है। वीडियो में कथित तौर पर यह भी नजर आता है कि वह खुद को बचाने की कोशिश करती है और फंदा हटाने या काटने का प्रयास करती है, लेकिन सफल नहीं हो पाती। हालांकि वीडियो की तकनीकी जांच अभी जारी है और पुलिस इसकी सत्यता तथा परिस्थितियों की पुष्टि कर रही है।

रील बनाने की आशंका, लेकिन पुष्टि नहीं

घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि विवाहिता संभवतः किसी रील या वीडियो कंटेंट की रिकॉर्डिंग कर रही थी और उसी दौरान हादसा हो गया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।


पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच

मामले में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि परिवार के सदस्य सुबह काम पर चले गए थे। दोपहर में सास के घर लौटने पर घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन रिकॉर्डिंग स्थिति में मिला है और उसमें घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है तथा वीडियो सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

जांच पूरी होने तक कई सवाल बरकरार

इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह आत्महत्या थी, कोई हादसा था या फिर रिकॉर्डिंग के दौरान हुई अनहोनी? इन सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल रायगढ़ की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस मामले की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAYGADHNEWS KOTVALITHANANEWS RAYGADHKOTVALITHANANEWS RICORDINGKARTEKARTECHALEGAIJANNEWS FANSIKENATAKMEGAIJANNEWS ACTINGKEDAURANMAUTNEWS MAHILAKIMAUTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER