धमतरी post authorUser 1 18 June 2026

अवैध शराब की सप्लाई कर रहे तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, 137 पौवा शराब बरामद



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 137 पौवा अवैध देशी शराब, नगदी राशि और दो वाहन समेत कुल 1 लाख 34 हजार 660 रुपये की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर दबिश दी।

पहले मामले में युवक गिरफ्तार

पुलिस ने नहर पार भट्ठी रोड, नहर नाका दानीटोला के पास घेराबंदी कर चन्द्रप्रकाश बचेकर (28 वर्ष) निवासी औद्योगिक वार्ड धमतरी को अवैध शराब परिवहन करते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 57 पौवा देशी शराब, 6,200 रुपये नगद और एक जुपिटर स्कूटी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 25,760 रुपये आंकी गई है।

दूसरे मामले में दो आरोपी दबोचे गए

वहीं दानीटोला शराब भट्ठी के पास पुलिस ने दबिश देकर मुकेश कुमार नागेश (34 वर्ष) और उदय नागेश (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से 80 पौवा देशी मशाला शराब, 900 रुपये नगद और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,08,900 रुपये बताई गई है।

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS

You might also like!