पब्लिक स्वर,सक्ती। सक्ती जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 209 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। यह खेप ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मामले में एक युवक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, ट्रेलर, फ्लोर्सपार पाउडर और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में चौकी फगुरम और थाना डभरा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस को 17 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा है।
26 घंटे की निगरानी के बाद दबोचा गया ट्रेलर
सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीति तैयार कर ग्राम बोडासागर स्थित सागर फैमिली ढाबा के सामने खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। अधिकारियों के अनुसार संदिग्ध वाहन को पकड़ने के लिए करीब 26 घंटे तक लगातार बैरिकेडिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान टाटा सिगना ट्रेलर (RJ09GC 5216) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में ट्रेलर के भीतर रखी गई 8 प्लास्टिक बोरियों से 40 पैकेट गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 5 किलोग्राम था। जब्त गांजा का कुल वजन 208.965 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
गांजा छिपाने के लिए मालवाहक ट्रेलर का इस्तेमाल
जांच में सामने आया कि गांजा परिवहन के लिए मालवाहक ट्रेलर का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर को भी जब्त कर लिया, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ट्रेलर में मौजूद फ्लोर्सपार पाउडर (कीमत 21.42 लाख रुपये) और आरोपियों के कब्जे से मिले दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1.66 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है, जो हाल के समय में जिले में हुई बड़ी एनडीपीएस कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
राजस्थान का युवक गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ा गया
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के अजमेर जिले के थाना जेवाजा क्षेत्र निवासी अर्पित सिंह (20 वर्ष) और उसके साथ मौजूद एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच से यह मामला ओडिशा से राजस्थान तक फैले अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा की यह बड़ी खेप किसके लिए भेजी जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस अभियान में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर, सहायक उप निरीक्षक हीराराम संवरा, प्रधान आरक्षक टीकम सिंह साव, अश्वनी सिदार, लक्ष्मीनारायण राठौर सहित साइबर सेल और पुलिस बल के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

User 1









