पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में शनिवार शाम एक दुस्साहसिक लूट की वारदात सामने आई है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक निजी गैस एजेंसी के मैनेजर से करीब 10 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मैनेजर की गतिविधियों की रेकी की थी। जिस तरीके से बदमाशों ने पीछा कर सही मौके पर हमला किया, उससे यह घटना पूर्व नियोजित प्रतीत होती है।
भुगतान की रकम लेकर जा रहा था मैनेजर
जानकारी के अनुसार पीड़ित श्रवण साहू, महोबा बाजार निवासी हैं और एक निजी गैस एजेंसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार शाम करीब 7 बजे वह एजेंसी के भुगतान से संबंधित राशि लेने अग्रसेन चौक स्थित कार्यालय पहुंचे थे। वहां से लगभग 10 लाख रुपये लेकर अपनी कार से टाटीबंध स्थित मुख्य कार्यालय के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि डगनिया बाजार क्षेत्र तक पहुंचते-पहुंचते बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।
CCTV में दिखी पूरी वारदात
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बाइक पर सवार तीन युवक पहले श्रवण साहू की कार को ओवरटेक कर आगे निकल जाते हैं। कुछ दूरी पर जाकर वे यू-टर्न लेते हैं और वापस लौटते हैं। जैसे ही श्रवण कार पार्क कर कैश से भरा बैग लेकर नीचे उतरते हैं, बदमाश तेजी से उनके पास पहुंचते हैं। कुछ ही सेकंड में एक आरोपी उनके हाथ से बैग छीन लेता है और तीनों बाइक से फरार हो जाते हैं। घटना इतनी अचानक हुई कि श्रवण साहू आरोपियों के पीछे दौड़े जरूर, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सके।
चेहरा ढका होने से नहीं हो सकी पहचान
पीड़ित के अनुसार तीनों आरोपियों ने अपने चेहरे स्कार्फ से ढक रखे थे। वारदात बेहद तेजी से हुई, जिसके कारण वह उनका हुलिया भी ठीक से नहीं देख पाए। इसी वजह से फिलहाल पुलिस के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य ही जांच का प्रमुख आधार बने हुए हैं।
रेकी की आशंका, पुलिस खंगाल रही कैमरे
घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों की भी पड़ताल की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

User 1









